जमशेदपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में मई माह के अंतिम शनिवार को आयोजित मासिक लोक अदालत में 97 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। लोक अदालत का उद्देश्य लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित समाधान कर लोगों को न्यायिक प्रक्रिया में राहत प्रदान करना था।
डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि लोक अदालत में कुल 97 मामलों का निपटारा किया गया। इनमें 33 प्री-लिटिगेशन मामले शामिल थे, जबकि विभिन्न न्यायालयों में लंबित 64 मामलों का भी आपसी समझौते के आधार पर निष्पादन किया गया। मामलों के निपटारे के साथ-साथ राजस्व संग्रहण में भी उल्लेखनीय सफलता मिली। लोक अदालत के माध्यम से जुर्माना एवं समझौता राशि के रूप में कुल 6 लाख 58 हजार रुपये का राजस्व संग्रह किया गया, जिसे सरकारी खाते में जमा कराया गया है।

लोक अदालत के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 10 विशेष बेंचों का गठन किया गया था। इनमें जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में 6 और घाटशिला अनुमंडल न्यायालय में 4 बेंच कार्यरत थीं। सभी बेंचों में न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी में दोनों पक्षों की सुनवाई कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में मामलों का निष्पादन किया गया। डालसा ने कहा कि लोक अदालतें त्वरित, सुलभ और कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों के समाधान का प्रयास जारी रहेगा।
