बहरागोड़ा में आंधी-तूफान से भारी तबाही: ग्राउंड जीरो पर पहुँचे विधायक समीर मोहंती, पीड़ितों को तुरंत दी नकद मदद और तिरपाल

आंधी-तूफान की तबाही के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे विधायक, पीड़ितों को तुरंत थमाई नकद मदद और तिरपाल।

Johar News Times
3 Min Read

क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने बहरागोड़ा प्रखंड के कई गांवों में भारी तबाही मचाई है। कई ग्रामीणों के आशियाने उजड़ गए हैं, तो कहीं फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है। इस आपदा के बाद सोमवार को स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का तूफानी दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।

विधायक समीर मोहंती प्रखंड के पाचंडों, चित्रेश्वर, नारायणपुर और बोनाबूढ़ा आदि गांवों में पहुँचे। उन्होंने आंधी से क्षतिग्रस्त हुए घरों को खुद देखा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

विशिष्ट रूप से पाचंडों गांव के एनिमा देहरी, पार्वती दलाई, अशोक दलाई, तुलसी कर्मकार, भूषण देहुरी, वरुण साहू, गौड़ दलाई और बोनाबुढा के वृंदावन नायक समेत नारायणपुर के कई ग्रामीणों के घरों को इस तूफान से भारी नुकसान पहुँचा है।

प्रशासनिक मुआवजे में होने वाली देरी को देखते हुए विधायक ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने मौके पर ही अपने निजी स्तर से सभी प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में तिरपाल और नकद राशि देकर आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि वे तुरंत अपने रहने की व्यवस्था कर सकें।

CO को दिए सख्त निर्देश: धान के नुकसान और बिजली पर तुरंत हो काम विधायक ने साथ चल रहे अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि वे सभी क्षतिग्रस्त मकानों का त्वरित और सटीक आकलन करवाकर जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने की पहल करें।

विधायक ने अधिकारियों का ध्यान इस ओर भी खींचा कि कई किसानों का धान खलिहान में रखा हुआ था, जो बारिश के पानी में भीगकर बर्बाद हो गया है, इसका भी आकलन कर उन्हें मुआवजा दिया जाए। साथ ही, तूफान के कारण जिन गांवों में बिजली गुल है, वहाँ युद्धस्तर पर काम कर बिजली बहाल करने के निर्देश दिए।

मौके पर मौजूद अंचल अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जल्द ही राजस्व कर्मचारियों को क्षेत्र में भेजकर हुई क्षति का पूरा आकलन कराया जाएगा और प्रभावितों को नियमानुसार सरकारी सहायता पहुंचाई जाएगी। इस दौरे के दौरान विधायक के साथ मुख्य रूप से असित मिश्रा, मुन्ना होता, अशोक कुमार, कृष्णरंजन साहू समेत कई स्थानीय ग्रामीण और झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article