नामकुम में गोवंशीय पशुओं की हड्डी से लदा ट्रक जब्त, चालक समेत 4 गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार

नामकुम में गोवंशीय पशुओं की हड्डी से लदा ट्रक जब्त, चालक समेत 4 गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार

Johar News Times
2 Min Read

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की हड्डी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक जब्त किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में ट्रक चालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि मामले का मुख्य सरगना फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि गोवंशीय पशुओं की हड्डियों से लदा एक ट्रक रांची से बाहर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस ने रामपुर चौक पर विशेष जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान ट्रक संख्या JH02AG3490 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गोवंशीय पशुओं की हड्डियां बरामद हुईं।

पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक रांची से महाराष्ट्र के लातूर भेजा जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना ले आई और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

इसी बीच ट्रक पकड़े जाने की सूचना सोशल मीडिया पर फैल गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ तस्कर वाहन छुड़ाने के उद्देश्य से नामकुम थाना पहुंचे और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने ट्रक छोड़ने के एवज में बड़ी रकम की पेशकश भी की, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए मौके पर पहुंचे तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी कार भी जब्त कर ली गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना अंसारी उर्फ समीर, अल्ताफ खान, शफाक कुरैशी और मोहम्मद नौशाद के रूप में हुई है। सभी आरोपी रांची के लोअर बाजार और कांटाटोली इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article