बहरागोड़ा/झाड़ग्राम: प्रधानमंत्री को चुनावी दौरे के दौरान झालमूढ़ी खिलाकर चर्चा में आए झाड़ग्राम के विक्रेता विक्रम कुमार साव को अब जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सीआरपीएफ की सुरक्षा में अपना कारोबार चलाना पड़ रहा है। धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और दुकान के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, विक्रम को पिछले कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल, व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो कॉल आ रहे थे। आरोप है कि कॉल करने वालों ने दुकान को बम से उड़ाने और जान से मारने की धमकी दी। वीडियो कॉल के दौरान हथियार दिखाकर दहशत फैलाने की भी कोशिश की गई। इससे विक्रम और उनका परिवार काफी दहशत में है।
स्थिति को देखते हुए झाड़ग्राम शहर के राज कॉलेज मोड़ स्थित उनकी छोटी सी झालमूढ़ी दुकान के आसपास सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है। पहले जहां यह ठेला सामान्य रूप से चलता था, वहीं अब यह सुरक्षा घेरे में संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों के लिए यह दृश्य हैरान करने वाला है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री अचानक इसी दुकान पर पहुंचे थे और सड़क किनारे खड़े होकर झालमूढ़ी का आनंद लिया था। इसके बाद विक्रम कुमार साव और उनकी दुकान राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गए थे। अब लोकप्रियता के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा संकट का सामना करना पड़ रहा है।

विक्रम कुमार साव ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों से उनका परिवार डरा हुआ है, लेकिन रोजी-रोटी के लिए दुकान चलाना मजबूरी है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। झाड़ग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल उन अंतरराष्ट्रीय नंबरों की जांच कर रही है, जिनसे धमकी दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं।
