सरायकेला-खरसावां। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने यातायात पोस्टों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच कूलिंग जैकेट का वितरण किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न यातायात पोस्टों पर तैनात तीन पुलिस पदाधिकारियों और तीन आरक्षियों समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए गए। इसका उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाना और उनकी कार्यक्षमता बनाए रखना है।
थानों और पुलिस केंद्रों में भी बढ़ाई गई सुविधाएं
गर्मी से बचाव के लिए जिले के विभिन्न थाना, ओपी, कार्यालय और पुलिस केंद्रों में 26 सीलिंग फैन, 45 स्टैंड फैन, सात कूलर और दो दीवार पंखों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
पुलिसकर्मियों के कल्याण पर विशेष ध्यान
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पुलिस बल की जरूरतों और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ऐसे कदम जारी रहेंगे। इस अवसर पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजू कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
