चाकुलिया में फिर दिखा ‘रामलाल’ का आतंक! SFC गोदाम का शटर तोड़कर खाया चावल, देर रात मची अफरा-तफरी

वाजपेयी कॉलोनी से प्रखंड कार्यालय तक घूमता रहा हाथी, वन विभाग और पुलिस ने खदेड़कर हवाई पट्टी की ओर भेजा

Johar News Times
1 Min Read

पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार रात जंगली हाथी ‘रामलाल’ के प्रवेश से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 10:30 बजे हाथी सबसे पहले वाजपेयी कॉलोनी पहुंचा, जहां उसके आने की खबर से लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद हाथी प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित एसएफसी गोदाम पहुंच गया। यहां उसने गोदाम का शटर तोड़ दिया और अंदर रखे चावल खाने लगा। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शटर टूटने के बाद कुछ लोग गोदाम से चावल ले जाने लगे, लेकिन पुलिस ने चावल बरामद कर दोबारा गोदाम में रखवा दिया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम और चाकुलिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने माइकिंग कर लोगों से हाथी से दूर रहने की अपील की, जबकि वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथी को हवाई पट्टी की ओर खदेड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी देर तक प्रखंड कार्यालय के पास मुख्य सड़क पर बेखौफ घूमता रहा। मंगलवार सुबह वह लोधाशोली पंचायत के कलसीमूंग तालाब पहुंचा, जहां उसने घंटों स्नान किया। इसके बाद हाथी पश्चिम बंगाल की सीमा की ओर निकल गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Share This Article