जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट में चल रहा है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्या के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल TMH लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
विधायक के स्वास्थ्य को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न तो विधायक कार्यालय की ओर से और न ही अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनकी स्थिति पर कोई औपचारिक जानकारी साझा की गई है। इस बीच, उनके ससुर और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से पूर्णिमा साहू के स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक के स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। सभी की नजरें अस्पताल से जारी होने वाले आधिकारिक मेडिकल अपडेट पर टिकी हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
