पोटका: किसानों की मुराद हुई पूरी, पोड़ाहातू में ₹72 लाख की लागत से बनेगा चेकडैम, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

पोटका में सिंचाई क्रांति: ₹72 लाख का चेकडैम, खुशहाल होगा किसान।

Johar News Times
2 Min Read

पोटका विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए मंगलवार का दिन नई उम्मीदें लेकर आया। चाकड़ी पंचायत के पोड़ाहातू गांव में लंबे समय से लंबित चेकडैम की मांग को धरातल पर उतारते हुए विधायक संजीव सरदार ने रामगढ़ नाला में एकल चेकडैम निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।

लगभग 72 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस जल संसाधन विभाग की योजना से क्षेत्र में कृषि और जल संरक्षण को नया आयाम मिलेगा। शिलान्यास के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से विधायक का भव्य स्वागत किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व स्थानीय विधायक के प्रति आभार जताया।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोड़ाहातू और आसपास के ग्रामीणों की यह बहुत पुरानी मांग थी। उन्होंने कहा, “इस इलाके के अधिकांश ग्रामीण कृषि पर निर्भर हैं, लेकिन पर्याप्त सिंचाई सुविधा न होने के कारण वे केवल बारिश के भरोसे रहते थे। अब इस चेकडैम के बनने से किसानों को साल के बारहों महीने पानी उपलब्ध होगा, जिससे वे एक से अधिक फसलें ले सकेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी।”

विधायक ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता और मजबूती पर जोर देते हुए ग्रामीणों से खुद निगरानी करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संवेदक को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सरकार का मुख्य लक्ष्य गांव, गरीब और किसान को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुखिया संगीता सरदार, ग्रामप्रधान बिनोद सरदार और प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में बुनियादी ढांचा मजबूत हो रहा है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article