जादूगोड़ा: यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) द्वारा सीआईएसएफ मैदान का पानी कनेक्शन काटे जाने से खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में नाराजगी देखी जा रही है। मैदान में वर्षों से लगे नलकूप का टेप भी हटा दिए जाने के बाद खिलाड़ियों को अब अभ्यास के दौरान घर से पानी की बोतल लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय खिलाड़ियों के अनुसार, सीआईएसएफ मैदान में प्रतिदिन करीब 30 महिला और पुरुष खिलाड़ी योग, दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। पानी की सुविधा बंद होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक समय यूसीआईएल अपने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती थी, लेकिन अब खेल सुविधाओं में लगातार कटौती की जा रही है। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि मैदान में झाड़ियां उग आई हैं, ओपन जिम की व्यवस्था नहीं है और हाई मास्ट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
खिलाड़ी राजीव मुर्मू ने बताया कि पहले अभ्यास के दौरान प्यास लगने पर मैदान में लगे नलकूप से पानी मिल जाता था, लेकिन अब उसकी सुविधा भी समाप्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मैदान की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास पर असर पड़ रहा है। खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने यूसीआईएल प्रबंधन से मैदान में पानी की सुविधा बहाल करने तथा खेल संबंधी बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण मिल सके।
