जम्मू-कश्मीर: पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी के बाद सीमा क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। भारतीय सेना ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी चौकियों को करारा जवाब दिया और हालात को नियंत्रण में रखा।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई। गोलीबारी शुरू होते ही भारतीय जवान सक्रिय हो गए और पूरी मुस्तैदी के साथ जवाबी कार्रवाई की। कुछ समय तक दोनों ओर से फायरिंग जारी रही, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि सेना की ओर से इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना ने पूरी पेशेवर दक्षता और संयम के साथ हालात का सामना किया। साथ ही किसी भी घुसपैठ या उकसावे की कोशिश को विफल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद एलओसी से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अग्रिम चौकियों पर जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सेना ने सीमा क्षेत्र में गश्त भी तेज कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गोलीबारी की आवाजों से सीमावर्ती गांवों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं के बावजूद भारतीय सेना हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिलहाल बालाकोट सेक्टर में स्थिति सामान्य है, लेकिन सेना सीमा पार की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
