झारखंड में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की नई राज्य कार्यकारिणी गठित, पिंकी मंडल बनीं अध्यक्ष

झारखंड में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की नई राज्य कार्यकारिणी गठित, पिंकी मंडल बनीं अध्यक्ष

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला : हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स एसोसिएशन की नई राज्य कार्यकारिणी का गठन शनिवार देर शाम गम्हरिया स्थित अरुणोदय क्लब सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय चुनावी बैठक में किया गया। वर्ष 2026 से 2029 तक के कार्यकाल के लिए हुए इस चुनाव में सर्वसम्मति से नई टीम का चयन किया गया।

बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों ने भाग लिया, जबकि कई प्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े। चुनाव प्रक्रिया संगठन के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार और राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त उमेश कश्यप की देखरेख में संपन्न हुई।

नई कार्यकारिणी में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल को अध्यक्ष चुना गया, जबकि अमित मोदक को राज्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सुनील सिंह को चेयरमैन, सुरेश नारायण चौधरी को उपाध्यक्ष तथा अनुपम कुमार सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष चुना गया। संगठन सचिव, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव समेत अन्य पदों की सूची जल्द जारी की जाएगी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष पिंकी मंडल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य के अधिक से अधिक स्कूलों और कॉलेजों तक स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।

राज्य सचिव अमित मोदक ने बताया कि नई टीम जल्द ही राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर, पर्यावरण जागरूकता अभियान और स्वच्छता कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी करेगी। बैठक में रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और पलामू समेत 18 जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Share This Article