कोडरमा , चितरपुर जंगल में 17 हाथियों का डेरा, आसपास के गांवों में दहशत, वन विभाग अलर्ट

कोडरमा , चितरपुर जंगल में 17 हाथियों का डेरा, आसपास के गांवों में दहशत, वन विभाग अलर्ट

Johar News Times
2 Min Read

कोडरमा , झारखंड के कोडरमा जिले के चितरपुर जंगल में 15 से 17 हाथियों का झुंड पहुंचने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे चितरपुर, इंदरवा, लोकाई, झरीटांड़ समेत कई ग्रामीण इलाकों के लोग भय के बीच जीवन बिता रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह झुंड पहले ताराघाटी क्षेत्र से सटे ललकापानी जंगल में देखा गया था। इससे पहले सतगावां के भदाली गांव में हाथियों के हमले की घटना भी सामने आई थी, जहां दो बच्चे और एक महिला किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे थे। बताया जा रहा है कि वहीं से यह झुंड ललकापानी होते हुए चितरपुर जंगल पहुंचा है।

वन्य प्राणी प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू कुमार ने बताया कि हाथी आमतौर पर दिन में कम सक्रिय रहते हैं और शाम होते ही उनका मूवमेंट बढ़ जाता है। इसे देखते हुए आसपास के सभी गांवों में मुखिया के माध्यम से सूचना देकर ग्रामीणों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हजारीबाग वन विभाग से क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को बुलाया जा रहा है, ताकि हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, कोडरमा क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।

वन विभाग द्वारा विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, जिसमें लोगों को हाथियों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए जा रहे हैं। साथ ही आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

Share This Article