झारखंड में मॉनसून के सक्रिय होने के साथ मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शुक्रवार को सबसे अधिक 18 मिमी बारिश बहरागोड़ा में दर्ज की गई, जबकि रांची में करीब 3 मिमी और मेदिनीनगर में 2 मिमी वर्षा हुई।
वज्रपात और हादसों में 4 लोगों की मौत
गढ़वा, गुमला और लातेहार में वज्रपात, जबकि कोडरमा में दीवार गिरने से कुल चार लोगों की मौत हो गई। गढ़वा के धुरकी थाना क्षेत्र के तेतमा गांव में चंदा कुमारी (18) की वज्रपात से मौत हो गई, जबकि तौहीद अंसारी घायल हो गए। लातेहार के मारी गांव में सरोज गंझू (35) और गुमला के चिरोडीह गांव निवासी वृद्ध सैबू भोगता की भी वज्रपात से जान चली गई। वहीं कोडरमा के फुलवरिया गांव में ईंट की दीवार गिरने से आरती देवी (40) की मौत हो गई। पलामू के पाटन साप्ताहिक बाजार में वज्रपात की चपेट में आकर पांच लोग घायल हो गए।
25 जून तक येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात, बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। 20 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा में तापमान बढ़ने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं।
सामान्य से 56% कम हुई बारिश
1 से 19 जून के बीच झारखंड में सामान्य से 56 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में राज्य में 37.1 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य आंकड़ा 83.7 मिमी है। शुक्रवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 3.5 डिग्री कम रहा।
