JTET 2026: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के नियमों में बड़ा बदलाव, अब 60 वर्ष तक के कार्यरत शिक्षक भी दे सकेंगे एग्जाम; आवेदन की तारीख बढ़ी

जेटेट 2026: नियमों में बड़ा बदलाव, कार्यरत शिक्षकों को 60 वर्ष तक मौका और आवेदन की तिथि बढ़ी!

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं और सालों से सेवा दे रहे कार्यरत शिक्षकों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। झारखंड अधिविद्य परिषद ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए पात्रता और आयु सीमा में बड़ी राहत दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को भी आगे बढ़ा दिया गया है।

सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेशों और राज्य सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से मिली हरी झंडी के बाद जैक ने यह फैसला लिया है।

मुख्य बदलाव और महत्वपूर्ण बातें:

  • अब राज्य के वैसे सहायक शिक्षक और पारा शिक्षक भी जेटेट परीक्षा में बैठ सकेंगे जिनकी उम्र 60 वर्ष तक है। पहले इन पर सामान्य अभ्यर्थियों की तरह ही उम्र सीमा लागू थी, जिससे कई अनुभवी शिक्षक परीक्षा से वंचित हो रहे थे।
  • इन-सर्विस कार्यरत शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण, डीपीई उत्तीर्ण होना या एनआईओएस से शिक्षक प्रशिक्षण के साथ 6 महीने का ब्रिज कोर्स करना अनिवार्य होगा।
  • जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की कोई आवश्यकता नहीं है। उनके पुराने आवेदन ही मान्य होंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि अब 20 जुलाई 2026

अभ्यर्थियों की मांग और फॉर्म में सुधार की शिकायतों को देखते हुए जैक ने ऑनलाइन आवेदन की लास्ट डेट बढ़ाकर 20 जुलाई 2026 कर दी है। उम्मीदवार 20 जुलाई तक नए आवेदन करने के साथ-साथ अपने फॉर्म में संशोधन भी कर सकते हैं।

फॉर्म में सुधार के नियम:

  1. अभ्यर्थी अपने नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, पता और परीक्षा के विषय जैसी सामान्य जानकारियों में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सुधार कर सकते हैं।
  2. यदि कोई अभ्यर्थी अपनी कोटि या फिर लेवल-1 और लेवल-2 में बदलाव करना चाहता है, तो उसे अपना पुराना आवेदन रद्द कर नए सिरे से फॉर्म भरना होगा और निर्धारित परीक्षा शुल्क दोबारा देना होगा।
Share This Article