जमशेदपुर में सजेगा आम महोत्सव, ‘आम्रपाली’ आम रहेगा आकर्षण का केंद्र

जमशेदपुर में सजेगा आम महोत्सव, ‘आम्रपाली’ आम रहेगा आकर्षण का केंद्र

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: बिरसा हरित ग्राम योजना (मनरेगा) के तहत जमशेदपुर में आयोजित होने वाले एकदिवसीय आम महोत्सव सह बिक्री-प्रदर्शनी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए शनिवार को समाहरणालय परिसर से एक विशेष जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना है। मेले में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत प्राकृतिक तरीके से उत्पादित विभिन्न किस्मों के आम बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिनमें आम्रपाली आम मुख्य आकर्षण होगा। प्रशासन की ओर से चलाया गया प्रचार वाहन जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को महोत्सव की जानकारी देगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर स्थानीय उत्पादों का समर्थन कर सकें।

जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा देते हैं। पलाश के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से महिला समूहों की आम उत्पादन और विपणन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने जिलेवासियों से आम महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्थानीय किसानों व महिला स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Share This Article