जनता दरबार में गूंजे अवैध शराब और बालू उत्खनन के मुद्दे, DC ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां : जिले के समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। DC ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में गम्हरिया प्रखंड के लाल बिल्डिंग क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित होने की शिकायत प्रमुख रूप से सामने आई। वहीं चांडिल स्थित बामणी नदी मुक्ति धाम की जर्जर स्थिति और वहां तक जाने वाले संपर्क पथ की मरम्मत की मांग भी लोगों ने उठाई।

इसके अलावा धान अधिप्राप्ति में देरी, राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन नहीं होने और विभिन्न सामाजिक योजनाओं में लाभ नहीं मिलने से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं। राजनगर प्रखंड में जच्चा-बच्चा मृत्यु मामले में लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी ग्रामीणों ने उठाई।

ईचागढ़ थाना क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने अवैध शराब निर्माण, बिक्री और बालू के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की। आदित्यपुर क्षेत्र के मांझी टोला आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग भी की गई।

उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब और बालू उत्खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क अतिक्रमण हटाने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

DC ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और प्रशासन जनता की शिकायतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।

Share This Article