चाईबासा में विस्थापित परिवार अंधेरे में जीने को मजबूर, बिजली कनेक्शन के लिए 5400 रुपये की शर्त बनी बाधा

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र में विस्थापित परिवार बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिन जीवन जीने को मजबूर हैं। गुवा बाजार स्थित डिपासाईं बस्ती से हटाए गए इन परिवारों को नुईया गांव के रेलवे साइडिंग के पास नए घर तो आवंटित कर दिए गए हैं, लेकिन बिजली जैसी मूलभूत सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।

नए घरों में रह रहे लोगों का कहना है कि बिजली के बिना उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई से लेकर घरेलू कामकाज तक में दिक्कतें आ रही हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए पहल की तो विद्युत विभाग की ओर से प्रति घर 5400 रुपये जमा करने की शर्त रखी गई। यह राशि गरीब परिवारों के लिए काफी अधिक है। कई लोगों ने बताया कि वे पहले ही रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में इतनी बड़ी रकम जमा करना संभव नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें सिर्फ छत तो मिल गई, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी कर दी गई है। बिजली, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के बिना उनका जीवन पहले से भी अधिक कठिन और चुनौतीपूर्ण हो गया है।

Share This Article