सरायकेला में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना को मिली रफ्तार, दो सड़कों का हुआ शिलान्यास

सरायकेला में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना को मिली रफ्तार, दो सड़कों का हुआ शिलान्यास

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला : मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

पहला शिलान्यास NH-33 से हुमीद ग्राम तक बनने वाली 1.47 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए किया गया। इस सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और ईचागढ़ विधायक साबित महतो ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा भी मौजूद रहे। ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल सरायकेला-खरसावां के कार्यपालक अभियंता के अनुसार सड़क निर्माण की एग्रीमेंट राशि 84.16 लाख रुपये है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से सड़क नहीं होने के कारण खासकर बरसात के दिनों में आवागमन में काफी परेशानी होती थी। सड़क बनने से अब गांव को मुख्य मार्ग से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और लोगों को राहत मिलेगी।

वहीं दूसरी ओर बानसा रेयारदा पथ पर लपाईबेड़ा से गुटीउत्नी देबरागोड़ा तक 2.80 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व विधायक स्वर्गीय साधुचरण महतो की पत्नी सारथी महतो एवं विधायक साबित महतो उपस्थित रहे। कार्यपालक अभियंता के अनुसार इस सड़क की प्राक्कलित राशि 249.647 लाख रुपये है।

इस सड़क के निर्माण से लपाईबेड़ा, गुटीउत्नी, देबरागोड़ा समेत आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में ओम लायक, दिवाकर सिंह, खगेन महतो सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से सुदूर ग्रामीण इलाकों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article