पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में अब बिहार कनेक्शन सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में बक्सर सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपी से पूछताछ कर उसे 10 दिनों की रिमांड पर दिल्ली ले गई है। जानकारी के अनुसार, CBI की दिल्ली टीम गुरुवार को बक्सर जेल पहुंची और न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद आरोपी संजय राय को अपने साथ ले गई। संजय राय उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र के मतसा गांव का निवासी है।
CBI सूत्रों के मुताबिक जांच में ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिनसे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में उसकी संलिप्तता सामने आई है। एजेंसी अब इस मामले के बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। गौरतलब है कि 6 मई को, बंगाल चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद, नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दी थी।
संजय राय को 11 मई को राजपुर पुलिस ने यूपी सीमा से सटे सायर घाट इलाके से शराब के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके पास से करीब पांच लीटर शराब बरामद की थी और उसे बक्सर जेल भेज दिया गया था। अब CBI उससे पूछताछ कर हत्याकांड के पीछे की साजिश और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
