जमशेदपुर में SBI के गार्डों का फूटा गुस्सा, बकाया भुगतान और पुनर्बहाली की मांग

Johar News Times
2 Min Read


4 साल 6 महीने से काम कर रहे 140 गार्डों को हटाने का आरोप, PF, बोनस और वेतन बकाया


जमशेदपुर:
जमशेदपुर में बैंक सुरक्षा गार्डों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। निजी एजेंसी Wwso Enterprises Ltd. के तहत State Bank of India (SBI) के एटीएम में तैनात गार्डों ने बकाया भुगतान और नौकरी में पुनर्बहाली की मांग को लेकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा है।

गार्डों का कहना है कि वे पिछले करीब 4 साल 6 महीने से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे थे, लेकिन अचानक एजेंसी द्वारा उन्हें हटा दिया गया। इससे लगभग 140 गार्डों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

आवेदन में गार्डों ने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा 15 महीने का PF, एक साल का बोनस, अप्रैल माह का वेतन, राष्ट्रीय अवकाश का भुगतान, न्यूनतम वेतन का अंतर और ओवरटाइम (O.T.) का पैसा अब तक नहीं दिया गया है। साथ ही, 30 दिनों की ड्यूटी के बदले केवल 26 दिनों का ही वेतन भुगतान करने की बात भी कही गई है।

गार्डों ने यह भी मांग उठाई है कि उनके पूरे कार्यकाल के आधार पर ग्रेच्युटी (Gratuity) का भुगतान किया जाए।

गार्डों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके सभी बकाया भुगतान जल्द दिलाए जाएं और यदि नई एजेंसी बहाल होती है, तो सभी पुराने गार्डों को फिर से काम पर रखा जाए।

इस पूरे मामले को लेकर गार्डों में नाराजगी साफ देखी जा रही है और उन्होंने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Share This Article