नीट परीक्षा के दौरान बिहार के सीतामढ़ी से एक बेहद अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ मंडल कारा में बंद एक कैदी पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच हाथों में हथकड़ी लगाए परीक्षा केंद्र पहुंचा। हथकड़ी पहने परीक्षार्थी को देखकर केंद्र पर मौजूद अन्य अभ्यर्थी, अभिभावक और स्थानीय लोग दंग रह गए। कैदी की पहचान सीतामढ़ी के कन्हौली बगहा निवासी अफजद अली के रूप में हुई है।
जेल के अंदर से किया था आवेदन, कोर्ट ने दी मंजूरी
मिली जानकारी के मुताबिक, अफजद अली मारपीट के एक मामले में जेल में बंद है। जेल की सलाखों के पीछे रहने के बावजूद उसने डॉक्टर बनने के अपने सपने को मरने नहीं दिया और जेल से ही नीट परीक्षा के लिए आवेदन किया था। उसका परीक्षा केंद्र डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल में तय किया गया था। परीक्षा में शामिल होने के लिए अफजद ने कोर्ट से विशेष अनुमति मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
पुलिस की निगरानी में पूरी हुईं औपचारिकताएं
न्यायालय का आदेश मिलने के बाद जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की एक विशेष टीम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत अफजद को परीक्षा केंद्र लेकर पहुंची। केंद्र के मुख्य द्वार पर जरूरी जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परीक्षा हॉल में जाने की इजाजत दी गई। परीक्षा खत्म होने तक पुलिसकर्मी केंद्र पर ही मुस्तैद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून और सुरक्षा के नियमों का पालन करते हुए न्यायालय के आदेशानुसार अभ्यर्थी को परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया गया है। यह पूरा वाकया दिनभर इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।
