सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के तत्वावधान में शनिवार को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में दो दिवसीय “उलि बगाइचा परब-2026” (आम महोत्सव) का भव्य शुभारंभ किया गया। 20 और 21 जून तक चलने वाले इस विशेष महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उपजाए गए आमों को बड़ा बाजार देना, बिचौलियों से मुक्ति दिलाना और किसानों को सीधे बड़े खरीदारों से जोड़ना है।
इस महोत्सव का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती जोबा मांझी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिले में हुआ 4,000 क्विंटल से अधिक आम का उत्पादन: डीडीसी
स्वागत भाषण देते हुए उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने बताया कि ‘बिरसा हरित ग्राम योजना’ पलामू और सरायकेला जैसे क्षेत्रों में गेम-चेंजर साबित हो रही है। अनुपयोगी और बंजर भूमि पर बागवानी कर किसान अब स्थायी कमाई कर रहे हैं।
- जिले के लगभग 6,000 किसान सीधे तौर पर आम उत्पादन से जुड़ चुके हैं।
- इस वर्ष जिले में 4,000 क्विंटल से अधिक आम का बंपर उत्पादन हुआ है।
- किसानों की उपज को बेचने के लिए जिला प्रशासन विभिन्न प्रमुख जगहों पर विशेष स्टॉल और बिक्री केंद्र बनवा रहा है।
विविधीकरण अपनाएं, केवल एक फसल पर निर्भर न रहें: सांसद
मुख्य अतिथि सांसद जोबा मांझी ने किसानों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह महोत्सव हमारे अन्नदाताओं के कड़े परिश्रम का जश्न है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे सिर्फ आम तक सीमित न रहें, बल्कि इसके साथ केला, अमरूद, लीची, अदरक और हल्दी जैसी अन्य नकदी फसलों की भी खेती करें ताकि सालभर उनकी कमाई होती रहे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आम्रपाली, हिमसागर और मालदा की धूम
इस आम महोत्सव में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों ने अपने बागानों के बेहतरीन आमों की प्रदर्शनी लगाई है। बाजार में सबसे ज्यादा मांग आम्रपाली, हिमसागर और मालदा जैसी प्रीमियम किस्मों की देखी जा रही है। इसके अलावा आम से बने अचार, अमझोर और अन्य प्रसंस्कृत उत्पादों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
बेहतरीन काम के लिए ‘सरायकेला FPO’ सम्मानित
कार्यक्रम के पहले दिन आम के बेहतर विपणन और बिक्री प्रबंधन के लिए ‘सरायकेला एफपीओ’ को मंच पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बागवानी क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले कई अन्य किसान समूहों और स्वयं सहायता समूहों को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जेएसएलपीएस की डीपीएम, मनरेगा के अधिकारी और भारी संख्या में कोल्हान क्षेत्र के किसान व आम लोग उपस्थित रहे।
