झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, रांची समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, रांची समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Johar News Times
2 Min Read

रांची: झारखंड में दो दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 जून को रांची समेत कई जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 19 जून से मौसम और अधिक प्रभावी होने के संकेत हैं, जिसके चलते 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़ और बोकारो में दोपहर बाद 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है।

19 जून से 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
19 जून से अगले तीन दिनों तक रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, वज्रपात और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

मानसून कमजोर पड़ते ही बढ़ा तापमान
मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से राज्य के कई हिस्सों में तापमान बढ़ गया है। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 2 डिग्री बढ़ा है। वहीं रांची में 34.4 डिग्री, जमशेदपुर में 39.4 डिग्री, बोकारो में 39.2 डिग्री और चाईबासा में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को केवल कांके में 1 मिमी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।

Share This Article