लौहनगरी के व्यस्त मानगो बस स्टैंड में रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास खड़ी एक बस के नीचे सो रहे एक व्यक्ति की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चालक को नहीं लगी भनक, सिर पर चढ़ गया पहिया
मिली जानकारी के अनुसार, गेट नंबर-5 के अंदर ‘शंकर पार्वती’ नामक बस खड़ी थी। उसी बस के नीचे एक व्यक्ति सोया हुआ था। बस ड्राइवर को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि गाड़ी के नीचे कोई सो रहा है। जैसे ही ड्राइवर ने बस को आगे बढ़ाने के लिए स्टार्ट किया और गाड़ी आगे बढ़ाई, बस का भारी-भरकम टायर सीधे उस व्यक्ति के सिर को कुचलते हुए ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भयानक था कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान पर असमंजस, बयान देने से बच रहे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक की सटीक पहचान को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। बस स्टैंड में मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर स्टैंड में ही घूमता रहता था। वहीं, कुछ अन्य लोगों का दावा है कि वह उसी बस का खलासी था। हालांकि, घटना के बाद स्टैंड का कोई भी कर्मचारी या चश्मदीद खुलकर इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
बस जब्त, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना की भनक लगते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ‘शंकर पार्वती’ बस को जब्त कर लिया है और उसे थाने ले गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
