सरायकेला: उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरायकेला का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा भंडारण व्यवस्था, अभिलेख संधारण, स्वच्छता, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
रीना हांसदा ने आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तक समय पर दवा आपूर्ति करने का निर्देश दिया। साथ ही भंडार पंजी समेत सभी जरूरी अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया।
डीडीसी ने मरीजों के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की हिदायत देते हुए कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर, वार्ड और ओपीडी में साफ-सफाई बनाए रखने तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनस्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
