रांची के चर्चित रिम्स लैंड स्कैम की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने तेजी ला दी है। मामले में एसीबी ने रांची नगर निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर रमन कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों के अनुसार, जमीन से जुड़े ऑनलाइन रिकॉर्ड और दस्तावेजों की गहन जांच के सिलसिले में उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसीबी की टीम रिम्स की अधिग्रहित जमीन से संबंधित अभिलेखों का मिलान कर यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं रिकॉर्ड में छेड़छाड़ या किसी प्रकार की हेराफेरी तो नहीं की गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रिम्स की अधिग्रहित जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और कब्जे के मामले में एसीबी ने 7 अप्रैल को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें रांची के राजकिशोर बड़ाईक, कार्तिक बड़ाईक, राजेश कुमार झा तथा खूंटी निवासी चैतन कुमार शामिल हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी वंशावली तैयार कर व्यक्तिगत लाभ के लिए रिम्स की जमीन की धोखाधड़ी से खरीद-बिक्री की थी। इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर एसीबी ने 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब नगर निगम के रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों की पड़ताल के बाद जांच नए चरण में पहुंच गई है। एसीबी सभी संबंधित कड़ियों को जोड़कर कथित गड़बड़ी की तह तक जाने में जुटी है।
