रांची: नगड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रिम्स-2 के निर्माण के विरोध में गुरुवार को आदिवासी संगठनों और नगड़ी जमीन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों, किसानों और आदिवासी समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास की ओर पैदल मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने कांके ब्लॉक चौक के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार को रिम्स-2 जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के लिए बंजर या गैर-कृषि भूमि का चयन करना चाहिए। उनका आरोप है कि नगड़ी की उपजाऊ कृषि भूमि पर निर्माण होने से किसानों की आजीविका प्रभावित होगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन खेती योग्य जमीन का अधिग्रहण स्वीकार नहीं करेंगे। रैली में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवा शामिल हुए। पुलिस द्वारा रोकने के बाद प्रशासन ने रैली को कांके प्रखंड कार्यालय की ओर मोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से विरोध जारी है। ग्रामीणों और किसान संगठनों का कहना है कि कृषि भूमि अधिग्रहण से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित होंगे।
