सोशल मीडिया से लेकर सियासत के गलियारों तक तहलका मचाने वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संयोजक अभिजित दिपके ने बुधवार को पुणे में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जहां एक तरफ अपनी आगामी राजनीतिक रणनीति का खुलासा किया, वहीं दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कण्डेय काटजू द्वारा युवाओं को दिए गए एक अनोखे ऑफर पर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी। इसके साथ ही उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ एक बड़े देशव्यापी आंदोलन का एलान कर दिया है।
क्या है जस्टिस काटजू की ‘इश्क करो पार्टी’ और दिपके का जवाब?
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कण्डेय काटजू ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ‘इश्क करो पार्टी’ नामक एक नई व्यंग्यात्मक राजनीतिक पहल की घोषणा की है। इसके लिए बाकायदा वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज भी बनाए गए हैं। काटजू ने युवाओं से अपील की है कि वे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ छोड़कर उनकी पार्टी से जुड़ें।
काटजू के अनुसार, उनकी पार्टी में ‘इश्क’ का मतलब सिर्फ महिला-पुरुष का प्रेम नहीं, बल्कि देश और देशवासियों के प्रति निष्ठा व भाईचारा है, जो जाति-धर्म से ऊपर हो। इस ऑफर पर मुस्कुराते हुए अभिजित दिपके ने कहा:
“भारत एक खूबसूरत लोकतांत्रिक देश है। यहां हर व्यक्ति को अपनी विचारधारा के साथ नई पार्टी बनाने का अधिकार है। जस्टिस काटजू की यह पहल हमारे लोकतंत्र की विविधता को दर्शाती है।”
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े दिपके; 20 तारीख को जंतर-मंतर पर महाजुटना
व्यंग्य और चर्चाओं से अलग, अभिजित दिपके ने नीट परीक्षा विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर अपना हमला तेज रखा। उन्होंने साफ कहा कि यदि शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो कॉकरोच जनता पार्टी देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
- इस आंदोलन की शुरुआत पुणे विश्वविद्यालय से होगी। इसके बाद जयपुर, लखनऊ और बेंगलुरु समेत देश के कई बड़े शहरों में उग्र लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए जाएंगे।
- दिपके ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर इन प्रदर्शनों के बाद भी इस्तीफा नहीं हुआ, तो आगामी 20 तारीख को देशभर के युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
कैसे वजूद में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
आपको बता दें कि यह पूरा घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद अमेरिका में रहने वाले अभिजित दिपके ने सोशल मीडिया पर प्रतीकात्मक रूप से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक डिजिटल मंच शुरू किया। देखते ही देखते देश का युवा इस मंच से जुड़ गया। नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर इस संगठन ने बीती 6 जून को भी जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया था। अब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ बनाम ‘इश्क करो पार्टी’ की यह जंग सोशल मीडिया पर कौतूहल का विषय बनी हुई है।
