एमजीएम थाना क्षेत्र की घटना, इलाज के दौरान महिला की मौत; आरोपी पति गिरफ्तार,
जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में घरेलू विवाद ने मंगलवार देर रात खूनी रूप ले लिया। पति द्वारा कथित हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति बापी मंडल है, जो डिमना रोड क्षेत्र में होटल का संचालन करता है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया और आरोप है कि बापी मंडल ने गुस्से में खलबट्टे से गीता मंडल के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गीता को पुलिस की मदद से तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि बापी मंडल और गीता मंडल दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थी। पुलिस के अनुसार, बापी मंडल ने पूछताछ में बताया है कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हुआ था और मामला थाना तक पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात इसी विषय को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। विवाद के दौरान बापी मंडल ने कथित रूप से खलबट्टे से हमला कर दिया, जिससे गीता गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
