झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो के लगभग सात महीने बाद जेल से रिहा होकर लौटने पर कांड्रा इलाके में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो के नेतृत्व में गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा पर उन्हें फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
- स्वागत समारोह के दौरान राकेश रंजन महतो ने कहा कि तरुण महतो ने क्षेत्र में अवैध बालू और पत्थर खनन के खिलाफ हमेशा फ्रंटफुट पर रहकर संघर्ष किया है। जनहित और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए उनकी यह लड़ाई सराहनीय है।
- वक्ताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन के कारण पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, नदियां अपना अस्तित्व खो रही हैं और स्थानीय विस्थापितों व ग्रामीणों के अधिकारों का हनन हो रहा है।
- राकेश रंजन महतो ने विश्वास जताया कि तरुण महतो की वापसी से क्षेत्र के जनसंघर्ष को नई ताकत मिलेगी। अब विस्थापितों, किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई को और धार दी जाएगी।
“संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं, जन आंदोलन रहेगा जारी” इस मौके पर उपस्थित JLKM कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने एक स्वर में क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन को तुरंत बंद करने और स्थानीय नीति को कड़ाई से लागू करने की मांग दोहराई।
