रांची: आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। रांची में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 970.50 रुपये से बढ़कर 999.50 रुपये हो गई है।
पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च में प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में मिलेगा। वहीं पटना में इसकी कीमत बढ़कर 1040 रुपये हो गई है। सभी प्रमुख शहरों में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की समान वृद्धि की गई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती लागत के कारण एलपीजी की कीमतों पर दबाव बना है। बताया जा रहा है कि ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को प्रत्येक घरेलू सिलेंडर पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था, जिसकी आंशिक भरपाई के लिए यह वृद्धि की गई है। हालांकि इस बार 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें 1 जून को ही 42 रुपये बढ़ाई गई थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू गैस की बढ़ी कीमतों का असर सीधे आम परिवारों के मासिक खर्च पर पड़ेगा।
