गुमला: बिशुनपुर थाना पुलिस ने वर्ष 2017 के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सियारटोली निवासी लक्ष्मण लोहार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ चोरी और मारपीट का मामला दर्ज था और घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
थाना में पदस्थापित एसआई कामु पासवान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश में काम करने के बाद आरोपी अपने गांव लौट आया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सियारटोली स्थित उसके घर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हुई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में बिशुनपुर क्षेत्र में चल रहे एक पुल निर्माण कार्य के दौरान लक्ष्मण लोहार अपने दो साथियों के साथ कथित रूप से रंगदारी मांगने पहुंचा था। इसकी सूचना पुलिस को मिल गई और कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया गया। हालांकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि पुलिस को लेवी मांगने की सूचना मिली थी, लेकिन संबंधित ठेकेदार की ओर से रंगदारी या लेवी मांगने का कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
