जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जमशेदपुर वन प्रमंडल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ‘ग्रीनाथॉन – वॉक फॉर एनवायरमेंट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली को बढ़ावा देना और लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
सोनारी स्थित वन भवन से आयोजित इस अभियान में वन विभाग के अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पदयात्रा निकालकर लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में आरसीसीएफ स्मिता पंकज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से हरित और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
ग्रीनाथॉन के दौरान नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरणीय चुनौतियों, जल संरक्षण, वनीकरण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि झारखंड सरकार वनीकरण, जल संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चला रही है। जमशेदपुर वन प्रमंडल का यह आयोजन भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदार बनाना है।
