हजारीबाग : जमीन के दाखिल-खारिज मामले में कथित देरी से परेशान एक युवक ने बानादाग में एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसकी जमीन का दाखिल-खारिज नहीं किया गया तो वह कूदकर जान दे देगा।
युवक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो चतरा जिले के टंडवा प्रखंड के कटही गांव का निवासी है। विकास ने कटकमदाग अंचल क्षेत्र के फतहा गांव में जमीन खरीदने के बाद दाखिल-खारिज के लिए आवेदन दिया था। उसका आरोप है कि पिछले छह महीनों से वह अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार उसे केवल आश्वासन देकर लौटा दिया जाता है। अचानक वह बानादाग स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नीचे खड़े लोग लगातार उसे समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसकी समस्या के समाधान का भरोसा दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद विकास कुमार टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दाखिल-खारिज जैसे मामलों का समय पर निपटारा हो, तो लोगों को अपनी बात रखने के लिए इस तरह जान जोखिम में डालने की नौबत नहीं आएगी।
