बरवाडीह-गढ़वा रेलखंड की डाउन लाइन बहाल, 18 घंटे बाद पटरी पर लौटी रफ्तार

बरवाडीह-गढ़वा रेलखंड की डाउन लाइन बहाल, 18 घंटे बाद पटरी पर लौटी रफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

पलामू : धनबाद रेल मंडल के सीआईसी रेलखंड पर राजहरा स्टेशन के पास मालगाड़ी के डिरेल होने से प्रभावित रेल परिचालन करीब 18 घंटे बाद आंशिक रूप से बहाल हो गया। शुक्रवार सुबह डाउन लाइन और रिवर्सिबल लाइन को क्लियर कर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुबह छह बजे से डाउन लाइन पर परिचालन बहाल होने के बाद पलामू एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस समेत कई मालगाड़ियों का आवागमन शुरू कराया गया। हालांकि, अप लाइन पर बहाली कार्य समाचार लिखे जाने तक जारी था। गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर करीब 1:15 बजे राजहरा स्टेशन के समीप एक मालगाड़ी के कई वैगन पटरी से उतर गए थे। हादसे के कारण अप लाइन और रिवर्सिबल लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। इसके चलते कई यात्री ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया गया।

दुर्घटना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम, राहत दल और अभियंताओं ने युद्धस्तर पर बहाली अभियान शुरू किया। लगातार मरम्मत और ट्रैक सुधार कार्य के बाद शुक्रवार सुबह डाउन लाइन को चालू करने में सफलता मिली। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अप लाइन को भी जल्द बहाल करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है और अगले कुछ घंटों में इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर रेल परिचालन पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

Share This Article