चाकुलिया: भीषण गर्मी के बीच चाकुलिया और सीमावर्ती इलाकों से हाथियों से जुड़ी दो दिलचस्प तस्वीरें सामने आई हैं, जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। पहली घटना में क्षेत्र में विचरण कर रहे एक हाथी, जिसे ग्रामीण प्यार से ‘रामलाल’ नाम से पुकारते हैं, की प्यास बुझाने के लिए एक ग्रामीण ने अपने घर के पास बोरिंग चलवा दी। बताया जाता है कि पानी की तलाश में हाथी अक्सर उस इलाके में पहुंच जाता है। ग्रामीणों की पहल से हाथी ने पानी पीकर राहत महसूस की। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

वहीं दूसरी घटना में एक हाथी का सामना अचानक एक सूअर से हो गया। सूअर को देखते ही विशालकाय हाथी घबरा गया और उल्टे पांव वहां से भाग निकला। हाथी की यह प्रतिक्रिया देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इस अनोखे नजारे का वीडियो भी इंटरनेट पर खूब देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ जंगलों में जलस्रोत सूखने लगे हैं, जिसके कारण हाथी भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। हालांकि इन दोनों घटनाओं ने लोगों के चेहरे पर मुस्कान जरूर ला दी है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
