राजनगर (सरायकेला-खरसावां): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बुधवार को राजनगर प्रखंड में छोटा कांकी से सारंगछिड़ा होते हुए राधानगर तक बनने वाली सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास किया। लगभग छह किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए चम्पाई सोरेन ने कहा कि सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास गांवों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह सड़क योजना उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में स्वीकृत हुई थी और अब इसका निर्माण कार्य शुरू होना क्षेत्र के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से किसानों, छात्रों, मजदूरों और आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। बेहतर संपर्क व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान चम्पाई सोरेन ने सरायकेला में निर्मित बड़े अस्पताल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से अस्पताल का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी उसे शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अस्पताल को जल्द चालू करने की मांग की ताकि क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में सोनाराम बोदरा समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
