सरायकेला: स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का रविवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा करते हुए पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया। एनआर स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचकर उपायुक्त ने अधिकारियों को परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के तहत स्टाफ नर्स, एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर (एसटीएस) सहित विभिन्न संविदा पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। साथ ही निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी की गई थी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्र और उसके आसपास सतर्क निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए योग्य और दक्ष मानव संसाधन का चयन आवश्यक है। मेरिट आधारित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
