Gumla News : 10 महीने बाद ग्वालियर से मिली लापता नाबालिग, छह माह की गर्भवती होने से मामला सनसनीखेज

Gumla News : 10 महीने बाद ग्वालियर से मिली लापता नाबालिग, छह माह की गर्भवती होने से मामला सनसनीखेज

Johar News Times
3 Min Read

झारखंड के गुमला जिले से 10 महीने पहले लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बरामद कर लिया है। हालांकि, गुमला लौटने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब पता चला कि पीड़िता छह माह की गर्भवती है। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक मध्य प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन वह गुमला में रहकर काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान नाबालिग से हुई और फिर वह उसे प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ भगा ले गया। पुलिस जब ग्वालियर पहुंची तो आरोपी को भनक लग गई और वह फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

डीआइजी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिणी प्रक्षेत्र के डीआइजी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई बबिता कुमारी, एसआई गौतम वर्मा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने ग्वालियर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद नाबालिग को बरामद किया और सुरक्षित गुमला लाया। फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और पुलिस उसके बयान के आधार पर आगे की जांच में जुटी है।

9 जुलाई 2025 से थी लापता
जानकारी के अनुसार, नाबालिग गुमला के एक गांव की रहने वाली है। वह पढ़ाई के लिए अपनी बड़ी बहन के पास शहर में रह रही थी। 9 जुलाई 2025 को उसने परीक्षा का हवाला देकर गांव जाने की बात कही, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद 16 अगस्त 2025 को सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय लड़की की उम्र 16 वर्ष थी।

मोबाइल कॉल से मिला सुराग
जांच के दौरान शुरुआती दिनों में पीड़िता का मोबाइल बंद था, जिससे पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल रहा था। बाद में उसने अपनी मां से मोबाइल पर बातचीत शुरू की। तकनीकी जांच और सीडीआर के आधार पर पुलिस को उसकी लोकेशन ग्वालियर में मिली, जिसके बाद विशेष टीम वहां रवाना हुई।

पोक्सो एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि घटना के समय लड़की नाबालिग थी, इसलिए आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, अपहरण और दुष्कर्म समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए झारखंड और मध्य प्रदेश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article