झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और ग्रामीण विकास को लेकर कई बड़े फैसले किए हैं। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 39 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें सबसे प्रमुख फैसला राज्य के सभी 24 जिलों में ‘अबुआ दवाखाना’ खोलने का है, जिसके तहत लोगों को अब एक ही स्थान पर विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिल सकेगा।
एक ही छत के नीचे मिलेगी हर पद्धति की दवा
कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘अबुआ दवाखाना’ योजना के जरिए ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एकीकृत औषधि केंद्र बनाए जाएंगे। यहाँ मरीजों को एलोपैथी के साथ-साथ आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और सिद्धा पद्धति से इलाज और दवाइयां मिलेंगी। सरकार ने साफ किया है कि राष्ट्रीय आयुष सूची और झारखंड आवश्यक औषधि सूची में शामिल सभी दवाइयां मरीजों को नि:शुल्क दी जाएंगी। पहले चरण में इसके लिए 745 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को चुना गया है।
जैविक खेती के लिए 370 करोड़ रुपये का बजट
कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने राज्य में जैविक खेती का दायरा बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। साल 2030-31 तक तीन चरणों में जैविक खेती के क्षेत्र को 35 हजार हेक्टेयर से बढ़ाकर 1.5 लाख हेक्टेयर किया जाएगा। इस पूरी योजना पर 370 करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 42 करोड़ 87 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
नशा माफिया पर कड़ा प्रहार और दुमका से उड़ान की तैयारी
राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सरकार ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक नई पुरस्कार नीति को मंजूरी दी है। इसके तहत ड्रग्स और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सटीक सूचना देने वाले मुखबिरों को सरकार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
कनेक्टिविटी के मोर्चे पर, संताल परगना के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए कैबिनेट ने दुमका हवाई अड्डे से नियमित कमर्शियल विमान सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले:
- मौसम और आपदा प्रबंधन: सटीक मौसम पूर्वानुमान के लिए भारत सरकार के मौसम विभाग के साथ एमओयू करने पर सहमति बनी।
- कलाकारों को मदद: गंभीर रूप से बीमार दिव्यांग कलाकारों को आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को मंजूरी।
- लोकायुक्त पद की स्वीकृति: अमिताभ कुमार गुप्ता की राज्य के लोकायुक्त पद पर नियुक्ति के बाद पद की औपचारिक स्वीकृति दी गई।
