झारखंड के गढ़वा जिले में ऐतिहासिक सरस्वती (सरस्वतिया) नदी को बचाने और उसका पुराना स्वरूप लौटाने की दिशा में प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। इसी कड़ी में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के तहत विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। अनुमंडल कार्यालय सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम में सरस्वतिया नदी किनारे रहने वाले बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को आमंत्रित किया गया है। बैठक का मुख्य उद्देश्य नदी संरक्षण, स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त अभियान को लेकर जनसहभागिता बढ़ाना है।
नदी संरक्षण पर लिए जाएंगे सुझाव
बैठक में नदी के गहरीकरण, पूर्ण सफाई, प्रदूषण नियंत्रण और अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रशासन स्थानीय लोगों से जमीनी अनुभव और सुझाव लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सरस्वतिया नदी गढ़वा शहर की पहचान रही है और इसे बचाने के लिए सिर्फ प्रशासनिक प्रयास काफी नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि नदी किनारे रहने वाले लोग उसकी वास्तविक समस्याओं और अतिक्रमण की स्थिति को सबसे बेहतर तरीके से समझते हैं, इसलिए उनके सुझाव इस अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने लोगों से नदी को प्रदूषण और अतिक्रमण से मुक्त रखने में सक्रिय सहयोग देने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील भी की। प्रशासन ने आमंत्रित सभी प्रबुद्ध नागरिकों से तय समय पर उपस्थित होकर इस विकास संवाद का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।
