पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का असर जानलेवा साबित हो रहा है। सोमवार देर शाम बेनासोल पंचायत के सोहदा सबर टोला निवासी 42 वर्षीय मीरू सबर की संदिग्ध लू लगने से मौत हो गई, जबकि मंगलवार को मेड़िया निवासी कन्वाई चालक 27 वर्षीय राजीव पातर ने छत्तीसगढ़ में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मीरू सबर दिनभर तेज धूप में रहने के कारण बीमार पड़ गई थीं। शाम तक उनकी हालत बिगड़ती गई और घर पर ही उनकी मौत हो गई। पति भुआ सबर ने भी लू लगने से मौत होने की आशंका जताई है। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं। मंगलवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें आदिम जनजाति कल्याण समिति की जिला अध्यक्ष रानी साबरीन, वार्ड सदस्य बसंती सबर, टोला प्रधान लोगेन सबर समेत कई ग्रामीण शामिल हुए।
वहीं मेड़िया निवासी कन्वाई चालक राजीव पातर की मौत छत्तीसगढ़ में हो गई। साथियों के अनुसार वह कन्वाई लेकर गया था और दोपहर में भोजन के बाद आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। साथियों ने लू लगने को ही मौत का कारण बताया है।
राजीव पातर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी तीन छोटी बेटियां हैं, जिनकी परवरिश को लेकर परिजन और ग्रामीण चिंतित हैं। घटना की सूचना मिलने पर प्रधान सोरेन मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
