घाटशिला में पूर्व सैनिकों ने शहीद दिलीप बेसरा को किया नमन; HCL/ICC मऊभंडार के यूनिट प्रमुख को दी गई भावभीनी विदाई

शहीद दिलीप बेसरा की सरजमीं पर पूर्व सैनिकों का समागम, संथाली और सैन्य परंपरा से दी गई ICC प्रमुख को विदाई।

Johar News Times
2 Min Read

पूर्व सैनिक अर्धसैनिक सेवा परिषद, घाटशिला द्वारा सोमवार को एक विशेष सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कारगिल शहीद दिलीप बेसरा के पैतृक गांव बेनसोल स्थित उनके आवास पर आयोजित हुआ। इस दौरान जहां एक ओर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद दिलीप बेसरा को याद किया गया, वहीं दूसरी ओर हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड / इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स मऊभंडार के यूनिट प्रमुख व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्याम सुंदर शेट्टी के कोलकाता मुख्यालय ट्रांसफर होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम में सैन्य परंपरा और स्थानीय संथाली संस्कृति का एक अनूठा और उत्कृष्ट मिश्रण देखने को मिला। सबसे पहले अतिथियों ने शहीद दिलीप बेसरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद संथाली परंपरा के अनुसार शहीद की प्रतिमा का स्वागत करते हुए उन्हें पारंपरिक वेशभूषा पहनाई गई।

भविष्य में पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता: ईडी श्याम सुंदर शेट्टी

विदाई समारोह के दौरान एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्याम सुंदर शेट्टी को मोमेंटो प्रदान कर उनके कार्यकाल की सराहना की गई। पूर्व सैनिकों ने कारगिल विजय दिवस और अन्य सैन्य कार्यक्रमों में उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर ईडी श्याम सुंदर शेट्टी ने क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों और अर्धसैनिकों की ईमानदारी व राष्ट्रप्रेम के जज्बे को सैल्यूट किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में सिक्योरिटी और अन्य संबंधित कार्यों में पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

सैनिक कॉम्प्लेक्स की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने क्षेत्र में एक ‘सैनिक/अर्धसैनिक कॉम्प्लेक्स’ बनाने की मांग उठाई। स्थानीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन की अनुपस्थिति में झामुमो के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन से इस संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

“हमारे पूर्व सैनिकों और शहीदों का सम्मान सर्वोपरि है। घाटशिला में सैनिक कॉम्प्लेक्स की मांग को जल्द ही अमली जामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा।”विक्टर सोरेन, जिला अध्यक्ष (झामुमो)

Share This Article