पूर्वी सिंहभूम जिले के बरसोल थाना क्षेत्र के कुमारडूबी पंचायत अंतर्गत निरंजनपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे की छत से गिरकर मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से मृतक के परिवार सहित पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पहचान उपेन मुंडा के 5 वर्षीय पुत्र विद्युत मुंडा के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण रविवार की रात पूरा परिवार घर की छत पर सोया हुआ था। इसी बीच आधी रात को अचानक 5 वर्षीय विद्युत मुंडा की नींद खुल गई। वह नींद में ही उठकर छत से नीचे जाने लगा। अंधेरा और नींद का झोंका होने के कारण वह अनियंत्रित हो गया और सीधे छत से नीचे जमीन पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन मासूम को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी बहरागोड़ा अस्पताल लेकर भागे। लेकिन अफसोस, अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में ही विद्युत ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुँचते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
गाँव में शोक की लहर, शिक्षकों ने बँधाया ढाँढस सोमवार की सुबह इस दुखद घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सरस्वती शिशु मंदिर, पाठपुर दरखुली के शिक्षक और स्थानीय ग्रामीण सोमवार सुबह मृतक के घर पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढाँढस बँधाया और इस कठिन घड़ी में सांत्वना दी। इस मौके पर मुख्य रूप से रोहित कुईला, शक्ति कुमार साहू, गौरी शंकर गंड, राजेश कुईला एवं सुकुमार साहू सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
