टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध सपेरा दो जिंदा कोबरा सांप छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों, रेलकर्मियों और दुकानदारों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे एक व्यक्ति दो टोकरियों के साथ स्टेशन के मेन गेट के पास पहुंचा। कुछ देर तक इधर-उधर घूमने के बाद उसने अचानक टोकरियों के ढक्कन खोल दिए। देखते ही देखते दो बड़े सांप बाहर निकल आए और स्टेशन परिसर की ओर रेंगने लगे। सांपों को देखते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए टिकट काउंटर और प्रवेश द्वार के पास अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को खाली कराया गया। इसके बाद शहर के प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर “स्नेक बॉय छोटू” को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया। जांच में दोनों सांप कोबरा प्रजाति के पाए गए, जिन्हें अत्यंत विषैला माना जाता है।
स्नेक रेस्क्यूअर छोटू ने बताया कि समय रहते सांपों को पकड़ लिया गया, नहीं तो किसी यात्री की जान भी जा सकती थी। उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दे दी है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों कोबरा को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
वहीं, RPF ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन परिसर के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी सपेरा लोगों में डर फैलाकर पैसे वसूलने या सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहा था। मामले में रेलवे एक्ट और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
