जमशेदपुर: Jamshedpur में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) द्वारा टिनप्लेट हॉस्पिटल के अधिग्रहण के बाद वहां वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। डॉ. टीसी जॉन मेमोरियल ट्रस्ट के माध्यम से कार्यरत 51 कर्मचारियों को काम से बैठाने का नोटिस दिए जाने के विरोध में मजदूरों ने आंदोलन का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने सोमवार 26 मई से TMH मुख्य गेट के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है।
बिष्टुपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कर्मचारियों ने बताया कि फार्मासिस्ट, एम्बुलेंस चालक, अटेंडर और साफ-सफाई व सेनिटेशन कार्य से जुड़े कर्मचारी पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार टिनप्लेट हॉस्पिटल में सेवा दे रहे हैं। उनका कहना है कि ये सभी कार्य अस्पताल के स्थायी संचालन का हिस्सा हैं और अस्पताल प्रबंधन की देखरेख में ही काम कराया जाता रहा है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि TMH द्वारा अधिग्रहण के बाद उन्हें बाहर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनका कहना है कि उन्हें ट्रस्ट कर्मचारी बताकर हटाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उनकी उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर और वेतन व्यवस्था लंबे समय तक सीधे अस्पताल प्रबंधन के नियंत्रण में रही है।
मजदूरों ने मांग की है कि सभी 51 कर्मचारियों को TMH में समायोजित किया जाए, काम से बैठाने का नोटिस वापस लिया जाए और स्थायी प्रकृति के कार्यों में ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को स्थायी दर्जा दिया जाए।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही श्रमायुक्त और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग भी की जाएगी।
इस मामले में TMH प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।
