गोपाल मैदान लूटकांड: सीसीटीवी से आरोपी की पहचान, सोनारी में पुलिस की दबिश

गोपाल मैदान लूटकांड: सीसीटीवी से आरोपी की पहचान, सोनारी में पुलिस की दबिश

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गोपाल मैदान के पास सड़क हादसे के बाद घायल टाटा स्टील कर्मी से लूटपाट के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान की जा रही है और इसके लिए सोनारी इलाके में दबिश दी गई है।

घटना बुधवार शाम की है, जब कदमा फार्म एरिया निवासी टाटा स्टील कर्मी अमित तिवारी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोपाल मैदान के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद एक युवक मददगार बनकर सामने आया और उन्हें टेंपो से एमजीएम अस्पताल ले जाने की बात कही। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक रास्ते में घायल व्यक्ति के साथ ही टेंपो में बैठा रहा और इसी दौरान उनके हाथ से सोने की अंगूठी, गले की चेन, मोबाइल फोन और आईडी कार्ड निकालकर फरार हो गया।

एमजीएम अस्पताल पहुंचने के बाद होश आने पर अमित तिवारी को अपने सामान के गायब होने का पता चला, जिसके बाद उन्होंने टेंपो चालक के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी और बिष्टुपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान सोनारी क्षेत्र में की जा रही है और वहां लगातार छापेमारी जारी है।

Share This Article