भाजपा नेत्री से ठगी और दुष्कर्म मामले में कारोबारी संजय सिंह रांची से गिरफ्तार

भाजपा नेत्री से ठगी और दुष्कर्म मामले में कारोबारी संजय सिंह रांची से गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भाजपा नेत्री से कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजय सिंह को रांची से गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस की विशेष टीम आरोपी को झारखंड से पकड़कर बिलासपुर लाई, जहां कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को बड़ा उद्योगपति बताकर भाजपा नेत्री से संपर्क बढ़ाया और माइनिंग कारोबार में पार्टनरशिप तथा दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया। आरोप है कि इसी दौरान उसने महिला का यौन शोषण किया और बाद में ब्लैकमेल कर लगातार पैसे वसूलता रहा।

पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मामला दर्ज किया गया। एफआईआर की भनक लगते ही आरोपी बिलासपुर से फरार होकर रांची पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी इनपुट की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की। विशेष टीम ने रांची में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक स्टेटमेंट और करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share This Article