जमशेदपुर: फर्जी पत्रकारों और ‘प्रेस’ लिखे वाहनों पर कसेगा शिकंजा, प्रेस क्लब की मांग पर DC ने दिए जांच के कड़े निर्देश

प्रेस के नाम पर ब्लैक-मेलिंग बंद: जमशेदपुर प्रशासन और प्रेस क्लब की संयुक्त मुहिम, अब सड़कों पर होगी फर्जी 'प्रेस' बोर्ड की जांच।

Johar News Times
2 Min Read

शहर में ‘प्रेस’ नाम का दुरुपयोग कर धौंस जमाने वाले और अवैध गतिविधियों को पोषित करने वाले फर्जी पत्रकारों व अवांछित तत्वों के खिलाफ प्रशासन अब बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। ‘प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर’ के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर इस गंभीर मुद्दे पर एक ज्ञापन सौंपा। क्लब ने प्रेस लिखे फर्जी वाहनों और तथाकथित पत्रकारों पर अविलंब कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।

प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि हाल के दिनों में जिले में ‘प्रेस’ लिखे वाहनों का इस्तेमाल कई ऐसे लोग और अवांछित तत्व कर रहे हैं, जिनका मीडिया से कोई सरोकार नहीं है। ये तथाकथित फर्जी पत्रकार न सिर्फ आम जनता का शोषण और भयादोहन कर रहे हैं, बल्कि वैध-अवैध धंधों को भी संरक्षण दे रहे हैं। इस वजह से फील्ड में ईमानदारी से काम करने वाले वास्तविक पत्रकारों की छवि खराब हो रही है और जिला प्रशासन को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे सड़कों पर उतरकर ‘प्रेस’ लिखे वाहनों की सघन जांच करें और फर्जी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करें।

उपायुक्त ने प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर से भी सहयोग मांगा है। उन्होंने क्लब को निर्देश दिया कि वे जिले के सभी मीडिया हाउस से समन्वय स्थापित कर सक्रिय और कार्यशील पत्रकारों की एक प्रामाणिक सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इस सूची के आधार पर प्रशासन को असली और फर्जी पत्रकारों की पहचान करने में आसानी होगी।-

Share This Article