गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना श्री बंशीधर नगर-विशुनपुरा मुख्य पथ पर कोईंदी गांव स्थित जोरी महुआ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी ट्रक के करीब नहीं जा सका। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। बताया गया कि ट्रक पर ब्लीचिंग पाउडर लदा हुआ था। ट्रक चालक कोईंदी गांव निवासी आलेमीन अंसारी ने बताया कि गुरुवार को सीमावर्ती सोनभद्र जिले के रेणुकूट से ट्रक पर ब्लीचिंग पाउडर लोड कर ओडिशा के जालेश्वर के लिए निकला था। रास्ते में तबीयत खराब होने पर उसने इसकी जानकारी ट्रक मालिक को दी।

चालक के अनुसार मालिक ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा करने और तबीयत ठीक होने के बाद आगे ले जाने को कहा था। साथ ही जरूरत पड़ने पर दूसरे चालक को भेजने की बात कही थी। इसके बाद वह ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर घर चला गया। शुक्रवार सुबह दूसरे चालक को ट्रक की चाबी भी सौंप दी गई थी, लेकिन रवाना होने से पहले ही ट्रक में अचानक आग लग गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
